बिल्सी। नगर के मोहल्ला नंबर 4 स्थित बैंक रोड के निकट संकट मोचन दरबार में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए समिति द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे पूरे नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।
संकट मोचन दरबार के महंत संजय शर्मा महाराज ने बताया कि 30 मार्च (सोमवार) को दोपहर 11 बजे मेहंदीपुर बालाजी से लाई गई श्री बालाजी की अखंड ज्योति नगर भ्रमण पर निकलेगी। यह ज्योति अंबियापुर स्थित सम्राट अशोक चौक से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, थाना मोड़, अटल चौक, बालाजी तिराहा होते हुए दरबार परिसर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु भव्य स्वागत करेंगे।
उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल (गुरुवार) को मुख्य आयोजन किया जाएगा। प्रातः 9 बजे विशाल हनुमान अष्टक हवन, 11 बजे विशेष आरती, दोपहर 1:30 बजे जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में केक कटिंग, 2 बजे कन्या भोज तथा इसके पश्चात वरिष्ठ अतिथि सम्मान कार्यक्रम आयोजित होगा। अंत में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लेने का आह्वान किया है।


























