बरेली। शहर के कांति कपूर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज एवं सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल रोड की पूर्व छात्रा श्रीमती आकांक्षा सक्सेना ने पीसीएस परीक्षा में 251वीं रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। 30 मार्च 2026 को घोषित परिणाम में चयनित होकर उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे बरेली जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

आकांक्षा सक्सेना वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय बिचपुरी में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद प्रथम प्रयास में कठिन परिश्रम और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का कार्य किया है।

गौरतलब है कि आकांक्षा की माता श्रीमती संगीता सक्सेना कांति कपूर विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। ऐसे साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर पीसीएस तक का सफर तय करना उनके संघर्ष और समर्पण को दर्शाता है।

पीसीएस में चयन के बाद आकांक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां, परिवार एवं अपने गुरुजनों को दिया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

विद्यालय की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में आकांक्षा सक्सेना को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर विद्यालय की अध्यक्षा श्रीमती दीप्ति रानी, व्यवस्थापिका श्रीमती मोना शर्मा, श्रीमती विनीता सिंह, श्रीमती रश्मि शर्मा, पूर्व प्रबंधिका श्रीमती सरोज अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here