
बदायूं। अखिल भारतीय सनातन बोर्ड के मठ-मंदिर विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार शाम पटियाली सराय स्थित एड. अश्वनी भारद्वाज के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में कई अहम निर्णय लिए गए, जिनका उद्देश्य मंदिरों को सशक्त करना और समाज को धर्म से जोड़ना बताया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि नगर के प्रत्येक वार्ड में “धर्म रक्षा प्रमुख” की नियुक्ति की जाएगी। ये प्रमुख अपने-अपने क्षेत्र के मंदिरों, पुजारियों और महंतों से जुड़ी समस्याओं को संगठन तक पहुंचाने के साथ-साथ धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और समाज व मंदिर के बीच सेतु का कार्य करेंगे।
कार्यकारिणी प्रमुख देवदत्त शर्मा ने बताया कि सभी मंदिरों पर सूचना पट लगाए जाएंगे, जिन पर दैनिक तिथि, संवत, त्योहारों की जानकारी और आवश्यक निर्देश अंकित किए जाएंगे। वहीं वरिष्ठ पदाधिकारी उपेंद्र उपाध्याय ने पुजारियों से अपने-अपने मंदिरों के व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर भक्तों को जोड़ने की अपील की।
संगठन अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने कहा कि “धर्म प्रथम और सर्वोपरि” की भावना को हर व्यक्ति के मन में स्थापित करना आवश्यक है। मठ-मंदिर विभाग प्रमुख अश्वनी भारद्वाज ने घोषणा की कि अब सभी मंदिरों में आरती के समय लाउडस्पीकर का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा और इसमें आने वाली बाधाओं को जल्द दूर किया जाएगा।
बैठक में नव नियुक्त धर्म रक्षा प्रमुख आशीष सक्सेना सहित डॉ. सुशील गुप्ता, शुभेंदु भारद्वाज, विकास आर्य, चंद्रदेव वर्मा, सत्यवीर सिंह, अभिराज भारद्वाज, मनोज चंदेल, यश भारद्वाज और कमल रस्तोगी समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


























