बदायूं। शहर के मीरा जी की चौकी स्थित हनुमान मंदिर मीरा जी की चौकी प्रांगण में विश्व हिंदू परिषद द्वारा भव्य राम महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और हिंदू समाज के लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान राम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद राम स्तुति और भजन प्रस्तुत किए गए। पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता सुनील राठौर (पूर्व जिलाध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद एवं भाजपा कार्यसमिति सदस्य) ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि “राम के जीवन में कभी कोई भेदभाव नहीं रहा, फिर समाज में यह भेदभाव कहां से आया—यह हम सबको सोचने की जरूरत है।” उन्होंने आगे कहा कि “राम आदर्श, संयम और मर्यादा की पराकाष्ठा हैं। राम ही प्रारंभ हैं, राम ही संघर्ष हैं और राम ही अंत हैं, यही उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम बनाता है।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नीरज रस्तोगी (जिलाध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद बदायूं) ने कहा कि “राम ही राष्ट्र हैं और राम ही हमारे जीवन की दिनचर्या हैं।” उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों और समस्त हिंदू समाज को धन्यवाद देते हुए राम महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का आयोजन विहिप के कोषाध्यक्ष नीरज कोचर द्वारा किया गया, जबकि संचालन एवं परिचय जिला मंत्री विनय प्रताप ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here