
बिल्सी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार, 18 फरवरी 2026 से प्रारंभ हो रही हैं। परीक्षाओं को लेकर प्रशासन व विद्यालय स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
परीक्षा शुरू होने से पूर्व स्वदेश केसरी न्यूज़ की टीम ने नगर के प्रमुख परीक्षा केंद्र आर्य कन्या इंटर कॉलेज पहुंचकर ग्राउंड जीरो पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा से जुड़े इंतजामों, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की ग्राउंड पर स्थिति देखी।
केंद्र व्यवस्थापक गुंजन पांडे ने स्वदेश केसरी को जानकारी देते हुए बताया कि इस परीक्षा केंद्र पर भू देवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज, महेश बाल इंटर कॉलेज, बुद्धसेन इंटर कॉलेज, साधु पन्नालाल इंटर कॉलेज, ग्रीन फील्ड स्कूल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सतेती सहित कुल आठ इंटर कॉलेजों के परीक्षार्थियों को सम्मिलित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और बोर्ड के निर्देशों के अनुसार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
केंद्र व्यवस्थापक ने यह भी बताया कि परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित होंगी—
- प्रथम पाली: सुबह 8:30 बजे से
- द्वितीय पाली: दोपहर 2:00 बजे से
परीक्षा केंद्र पर वरिष्ठ लेखाकार हेम सिंह, लिपिक मोहित महेश्वरी सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित मिले, जो परीक्षा की सुचारु व्यवस्था में जुटे हैं। इसके अलावा तहसील क्षेत्र के एन.ए. इंटर कॉलेज, नन्नू मल जैन इंटर कॉलेज एवं ग्राम समाज इंटर कॉलेज, बैरमई को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
कुल मिलाकर बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन व विद्यालय प्रबंधन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।


























