बिल्सी (बदायूं)। बिल्सी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे रिश्तेदारों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो में सवार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना ग्राम हैदलपुर के निकट की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार टेंपो चालक ने अचानक सामने आए बंदर को बचाने का प्रयास किया, इसी दौरान वाहन संतुलन खो बैठा और पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार सभी यात्री घायल हो गए।
मृतका की पहचान रामवती (वृद्धा) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही बिल्सी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हाथरस से सतेती जा रहे थे यात्री
बताया गया कि टेंपो में सवार लगभग 10 यात्री जनपद हाथरस से बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम सतेती में सागर की बारात में शामिल होने जा रहे थे। विवाह समारोह में शामिल होने से पहले ही यह दुखद हादसा हो गया।
पुलिस का बयान
इस संबंध में कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि टेंपो पलटने से एक वृद्ध महिला की मौत हुई है। फिलहाल किसी प्रकार का मेमो प्राप्त नहीं हुआ है, मेमो मिलने के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


























