


बदायूं। शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्यता के पक्ष में जयंत चौधरी के बयान को लेकर बदायूं में शिक्षक संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। इस्लामिया इंटर कॉलेज के सामने उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर विभिन्न शिक्षक संगठनों ने एकजुट होकर जयंत चौधरी का पुतला फूंका।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा ने कहा कि जिन शिक्षकों की नियुक्ति आरटीई एक्ट से पहले तत्कालीन नियमों के तहत हुई है, उन पर अब टीईटी थोपना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने ऐलान किया कि यह लड़ाई सड़कों से लेकर सदन और सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी जाएगी।
शिक्षकों ने “नो टेट बिफोर आरटीई एक्ट” का नारा लगाते हुए जयंत चौधरी के बयान की कड़ी निंदा की। उनका कहना है कि देशभर में करीब 20 लाख से अधिक शिक्षक इस फैसले से प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदर्शन में प्राथमिक शिक्षक संघ, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ व महिला शिक्षक संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।


























