






बिल्सी (बदायूं)। नगर के थाना रोड स्थित एसपीजेएम जूनियर हाईस्कूल में 22वां वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। आज अपराह्न 11 बजे विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक अमित कुमार जैन एवं शरद चंद्र जैन ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और धार्मिक गीतों पर आधारित एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर उपस्थित अभिभावक और अतिथि भाव-विभोर हो उठे। विशेष रूप से “पुलवामा हमला” विषय पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाट्य प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसने देश के शहीदों के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रप्रेम की भावना को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मध्य जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वरूप में एक छात्र की मंच पर एंट्री हुई तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों के आत्मविश्वास और मंचीय प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया।
उत्सव के दौरान लकी ड्रा के माध्यम से लकी टीचर, लकी स्टूडेंट और लकी मम्मी का चयन कर उन्हें आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को शैक्षिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अनिल कुमार जैन, सोनी चंद्र सेन माहेश्वरी, दीपक चौहान, राकेश सोनी, उमेश सक्सेना, नरेंद्र मोहन गरल, सतपाल सिंह सोलंकी, अजय गिरी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार ललित मोहन वार्ष्णेय सहित तहसील स्तरीय पत्रकारों को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य रोहित शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मनोज सक्सेना ने कुशलता के साथ किया।
यह वार्षिक उत्सव न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच देने वाला रहा, बल्कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत संवाद और सहयोग का भी सशक्त माध्यम बना।


























