
बिल्सी (बदायूं)। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में आज 10 फरवरी 2026, सोमवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (नेशनल डीवॉर्मिंग डे) के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय में कक्षा पी.जी. से लेकर कक्षा 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजॉल टैबलेट खिलाई गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कृमि संक्रमण को रोकना और इसके प्रति जागरूकता फैलाना रहा। विशेषज्ञों के अनुसार कृमि संक्रमण बच्चों में एक आम समस्या है, जो उनके स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। यह संक्रमण मुख्य रूप से मिट्टी में पाए जाने वाले कृमियों के माध्यम से फैलता है, जो बच्चों के पेट में पहुंचकर स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की शुरुआत वर्ष 2015 में की गई थी और यह भारत में एक ही दिन में क्रियान्वित किए जाने वाले सबसे बड़े स्वास्थ्य अभियानों में से एक है। यह कार्यक्रम भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य देश के प्रत्येक बच्चे को कृमि मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय इस जनहितकारी अभियान का पूर्ण समर्थन करता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करना है, ताकि वे एक स्वस्थ और समृद्ध जीवन जी सकें। उन्होंने अभिभावकों और विद्यार्थियों से पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा और सभी ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।


























