



बदायूं। बेसिक शिक्षा विभाग की 42वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक समारोह का शुभारंभ सोमवार को हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज, बदायूं में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष शारदेंदु पाठक ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष व प्रांतीय मंत्री संजीव शर्मा, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी सहित अनेक शिक्षक संघ पदाधिकारी मौजूद रहे।
संविलियन विद्यालय हर्रायपुर एवं प्राथमिक विद्यालय मदनजुड़ी (बिसौली) के छात्र-छात्राओं ने बैंड की मधुर धुनों के साथ अतिथियों का मंच तक स्वागत किया। इसके पश्चात कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय उसावा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, वहीं केजीबीवी जगत की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
संविलियन विद्यालय दहेमू की छात्राओं ने राजस्थानी लोकगीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि आदर्श संविलयन विद्यालय डायट की छात्राओं ने “राधा रमन मेरे घर आएंगे” गीत पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया। हर्रायपुर के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत पर तलवारों के साथ किया गया नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
इसके उपरांत अतिथियों का शिक्षक संघों द्वारा बैज लगाकर, पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों ने ध्वजारोहण कर कबूतरों को उड़ाया, तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे आकाश में छोड़कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। साथ ही विभिन्न विकास खंडों से आए प्रतिभागी छात्र-छात्राओं द्वारा किए गए मार्च पास्ट की सलामी स्वीकार की गई।
मुख्य अतिथि राजीव गुप्ता ने कहा कि खेल मैदान बच्चों में खेल भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम वर्क विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को जनपद से लेकर प्रदेश स्तर तक पूरे मनोयोग से प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा ने तीन दिवसीय प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं और आयोजित होने वाले खेलों की जानकारी दी।
पहले दिन की प्रमुख प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—
प्राथमिक स्तर 50 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में प्रशांत (कादरचौक) प्रथम, करण (जगत) द्वितीय व अमरजीत (कादरचौक) तृतीय रहे।
बालिका वर्ग में करिश्मा (कादरचौक) प्रथम, सगोपी (कादरचौक) द्वितीय व शिवानी (उसावा) तृतीय स्थान पर रहीं।
100 मीटर दौड़ प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में प्रशांत (कादरचौक) प्रथम, सत्येंद्र (दहगवा) द्वितीय व करण (जगत) तृतीय रहे।
बालिका वर्ग में सगोपी (कादरचौक) प्रथम, करिश्मा द्वितीय व खुशबू (सहसवान) तृतीय रहीं।
उच्च प्राथमिक स्तर 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में कौशल (म्याऊं) प्रथम, प्रदीप (जगत) द्वितीय व सुधांशु (इस्लामनगर) तृतीय रहे।
बालिका वर्ग में रचना (उझानी) प्रथम, शालिनी (कादरचौक) द्वितीय व अनुष्का (सालारपुर) तृतीय स्थान पर रहीं।
400 मीटर दौड़ में भी विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक जुगल किशोर एवं कामिनी राठौर ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर जिला व्यायाम शिक्षक रामदास यादव, व्यायाम शिक्षिका ज्योति सक्सेना, जिला स्काउट मास्टर सुदेश शर्मा, विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारी, पीटीआई, शिक्षक, अनुदेशक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


























