

बिल्सी।नगर के फ्यूचर लीडर्स स्कूल में कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के बीच “निजी बनाम सरकारी क्षेत्र” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तर्कपूर्ण ढंग से अपने विचार रखकर सभी को प्रभावित किया।
कक्षा 7 के विद्यार्थियों ने निजी क्षेत्र को नवाचार और आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए बेहतर अवसरों की बात कही, जबकि कक्षा 8 के विद्यार्थियों ने सरकारी क्षेत्र को स्थायित्व, सामाजिक सुरक्षा और राष्ट्र सेवा का मजबूत माध्यम बताया। विद्यालय निदेशक वी.पी. सिंह ने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और तार्किक सोच विकसित करती हैं। प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सिंह ने वाद-विवाद को विचारों के सम्मान का माध्यम बताया।
प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम के संचालन में केशव शर्मा व रूबी मौर्य का योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।


























