

बरेली। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में आज शिशु शिक्षा समिति, ब्रज प्रदेश के तत्वावधान में विद्यालय की गतिविधियों के मूल्यांकन हेतु दो दिवसीय वार्षिक शैक्षिक निरीक्षण का सफलतापूर्वक शुभारंभ हुआ।
निरीक्षण दल में सतीश दीक्षित (प्रधानाचार्य, जलालाबाद), संजीव पांडे (प्रधानाचार्य, फरीदपुर), कमलेश (मीरा चौकी, बदायूं), लालाराम (सिविल लाइंस, बदायूं) एवं राजकुमार (कार्यालय प्रमुख, सिविल लाइंस, बदायूं) शामिल रहे। निरीक्षण दल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर निरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने सभी निरीक्षक बंधुओं का पटका पहनाकर स्वागत किया तथा उनका परिचय कराया। शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने निरीक्षण की जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण के प्रथम दिवस निरीक्षक मंडल द्वारा विद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यालयीय अभिलेखों का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, पाठ्यक्रम संचालन, शिक्षक-छात्र संवाद, अनुशासन, स्वच्छता, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं तथा भौतिक संसाधनों का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया गया। कक्षा-कक्षों में शिक्षण कार्य को प्रभावी, अनुशासित एवं छात्र-केंद्रित पाया गया। निरीक्षण दल ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, आत्मविश्वास एवं संस्कारयुक्त आचरण की सराहना की।
इसके साथ ही विद्यालय में संचालित खेल, योग, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नैतिक शिक्षा जैसी सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी विशेष रूप से प्रशंसनीय बताया गया। निरीक्षण दल ने विद्यालय के आचार्यों की कार्यनिष्ठा, समर्पण भाव एवं प्रबंधन की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कुछ रचनात्मक सुझाव भी प्रदान किए, जिन्हें भविष्य में लागू करने का आश्वासन विद्यालय प्रशासन की ओर से दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने निरीक्षण दल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के निरीक्षण विद्यालय को निरंतर गुणवत्ता सुधार एवं शैक्षिक उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।


























