बदायूं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन को लेकर सलारपुर मंडल में तैयारियों का शुभारंभ कर दिया गया। इसी क्रम में सम्मेलन के कार्यक्रम स्थल का भूमि पूजन जिला प्रचारक भारत भाई साहब के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

भूमि पूजन कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष अनेक पाल सिंह, सचिव जोगेंद्र सिंह पटेल तथा विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय सदस्य जगपाल जी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर अवधेश पटेल, आर्यन पटेल, दिलीप कुमार, धनपाल सिंह, विवेक राठौर, राजेंद्र सिंह सहित हिंदू समाज के अनेक वरिष्ठ एवं सम्मानित नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रचार वाहन को ओम ध्वज दिखाकर किया गया रवाना

भूमि पूजन के उपरांत सम्मेलन के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष प्रचार वाहन को जिला प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बदायूं, प्रांतीय सदस्यगण, समिति के पदाधिकारी एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में ओम ध्वज दिखाकर रवाना किया गया। प्रचार वाहन के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सम्मेलन की जानकारी पहुंचाई जाएगी।

10 फरवरी को ग्राम सिलहरी में होगा हिंदू सम्मेलन

जिला प्रचारक भारत जी ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 फरवरी, मंगलवार को ग्राम सिलहरी में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समस्त हिंदू समाज में समरसता एवं समानता को सुदृढ़ करना है।

इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि मुमुक्षु जी महाराज, वरिष्ठ कथा वाचक तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संचालक आदरणीय शशांक भाटिया जी उपस्थित रहेंगे। उनके प्रेरणादायी उद्बोधन के पश्चात भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।

आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में हिंदू समाज के लोगों से सम्मेलन में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here