





बदायूं। मीरा चौकी स्थित श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विद्यालय का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर पालिका बदायूं के सभासद अतुल अलंकार रस्तोगी, कार्यक्रम अध्यक्ष अनुज कुमार सिंह (ग्राम प्रधान, कुरऊ) एवं विद्यालय व्यवस्थापक ओम प्रकाश वैश्य मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि अतुल अलंकार रस्तोगी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या भारती विद्यालय केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण व संवर्धन का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। ऐसे विद्यालय समाज को सशक्त और संस्कारवान पीढ़ी देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम अध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने कहा कि विद्या भारती के आचार्य परिवार द्वारा विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से सर्वांगीण विकास किया जाता है, जिससे बच्चे राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, नारी शक्ति, शिव तांडव, महिषासुर संग्राम, सरदार भगत सिंह पर आधारित नाटक, राजस्थानी लोकनृत्य एवं होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने अतिथियों का परिचय कराया तथा कार्यक्रम का संचालन अनोज कुमार सक्सेना ने किया। अंत में व्यवस्थापक ओम प्रकाश वैश्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अमृतपाल सिंह, सतीश कुमार गंगवार, अनिल वैश्य, राजेंद्र सिंह तोमर, पूनम सिंह, तरन वैश्य, कमलेश कुमार, राजकुमार सिंह सेंगर, अनुज पटेल, हिमांशु उपाध्याय, दिनेश कुमार शर्मा सहित विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा।


























