मेरठ। प्रदेश भर के व्यापारियों को सैंपलिंग विभाग से जुड़ी समस्याओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) द्वारा एक व्यापक और संगठित पहल की जा रही है। इसी क्रम में कल दिनांक 17 फरवरी 2026, मंगलवार को प्रातः 11:30 बजे मेरठ में माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।

यह ज्ञापन सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के माध्यम से मेडिकल कॉलेज कंपाउंड, मेरठ में दिया जाएगा। संगठन का कहना है कि वर्तमान समय में खाद्य सैंपलिंग की प्रक्रिया में व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। इन्हीं समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर यह ज्ञापन प्रस्तुत किया जा रहा है।

संगठन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल मेरठ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में प्रत्येक जिला कमेटी द्वारा अपने-अपने जनपदों में ज्ञापन सौंपे जाएंगे, ताकि व्यापारियों की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंच सके और एक समान नीति के तहत समाधान निकाला जा सके।

उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय मीडिया प्रभारी विजय मान ने बताया कि यह कदम व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए उठाया जा रहा है और संगठन सरकार से सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा करता है।

व्यापारिक हितों से जुड़ा यह आंदोलन आने वाले दिनों में और व्यापक रूप लेने की संभावना है, जिससे प्रदेश के लाखों व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here