विधायक हरीश शाक्य ने किया फीता काटकर नवनिर्मित मंदिर का किया शुभारंभ,





बिल्सी। नगर के मोहल्ला नंबर 3 स्थित प्राचीन ललिता देवी मंदिर परिसर में आज श्रद्धा और उत्साह के साथ बजरंगबली हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम से पूर्व नगर में हनुमान जी की मूर्ति की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शाक्य समाज द्वारा आयोजित इस प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक हरीश शाक्य ने आज सायं 4:00 बजे नवनिर्मित मंदिर का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इससे पूर्व हनुमान जी की मूर्ति की विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। यह धार्मिक अनुष्ठान पंडित भुवनेश शर्मा एवं पंडित कमलकांत शर्मा द्वारा विधिपूर्वक कराया गया, जिसके उपरांत मंदिर में मूर्ति की स्थापना की गई।
इस अवसर पर विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि वे प्राचीन धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण के लिए सदैव तत्पर रहेंगे और इस दिशा में हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।
आयोजन समिति द्वारा विधायक हरीश शाक्य एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश सागर का माल्यार्पण एवं पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। समिति की ओर से बनवारी लाल शाक्य, रामवीर शाक्य, मलखान शाक्य, भूप सिंह शाक्य, जितेंद्र शाक्य एवं पूरनलाल शाक्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार ललित मोहन वार्ष्णेय, पत्रकार सौरभ चौहान, सभासद प्रखर माहेश्वरी सहित शाक्य समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आयोजन समिति ने बताया कि बाबा हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में कल दिनांक 4 फरवरी को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।


























