बेटियों ने जलाई लोहड़ी, माताओं का हुआ सम्मान,बदायूं में पंजाबी समाज की अनूठी पहल

बदायूं। पंजाबी समाज सेवा समिति (रजिस्टर्ड), बदायूं द्वारा लोहड़ी पर्व को इस वर्ष एक विशेष सामाजिक संदेश के साथ मनाया गया। “लोहड़ी की शाम बेटियों के नाम” थीम पर आयोजित यह भव्य कार्यक्रम गुरुद्वारा, पंजाबी मोहल्ला बदायूं के समीप बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ।

लोहड़ी पर्व पंजाबी समाज का एक प्रमुख एवं पारंपरिक त्योहार है, जिसे सामान्यतः पुत्र जन्म अथवा विवाह के अवसर पर मनाया जाता है। लेकिन पंजाबी समाज सेवा समिति ने इस परंपरा को नई दिशा देते हुए पिछले वर्ष जिन परिवारों में बेटियों का जन्म हुआ, उन परिवारों की माताओं को सम्मानित कर समाज को बेटी बचाओ–बेटी सम्मान का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में बाबा दीप सिंह अखाड़ा के बच्चों ने अपने शानदार करतबों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके उपरांत जिन माताओं ने बेटियों को जन्म दिया, उन्हें समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह दुआ (ईश्वर टाइल्स) की ओर से सम्मानित किया गया। साथ ही बाबा दीप सिंह अखाड़ा के सभी सदस्यों को भी समिति द्वारा सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर दीक्षा राखी एवं जसमीत द्वारा बनाई गई सुंदर रंगोली को भी सराहा गया और दोनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री राजीव कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने “लोहड़ी की शाम बेटियों के नाम” कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

समिति के अध्यक्ष श्री बिन्नी नारंग ने लोहड़ी पर्व के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं महासचिव सरदार गुरदीप सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों, सदस्यों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन श्री अनमोल आहूजा द्वारा किया गया, जिन्होंने बीच-बीच में पारंपरिक लोहड़ी गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उल्लासपूर्ण बनाए रखा। अंत में बेटियों द्वारा लोहड़ी जलाई गई और सभी को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर पंजाबी समाज की महिलाएं, पुरुष, बच्चे, समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य अपने परिवारों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न केवल पर्व की गरिमा बढ़ाई, बल्कि समाज को बेटियों के सम्मान का सशक्त संदेश भी दिया।

#बदायूं
#BadaunNews
#Lohri2026
#लोहड़ी
#लोहड़ी_की_शाम_बेटियों_के_नाम
#PunjabiSamaj
#पंजाबी_समाज
#BetiSamman
#SocialMessage
#UPNews

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here