बिसौली (बदायूं)। बिसौली कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह पुंडीर को उनकी उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय पुलिस सेवा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्ण द्वारा सराहनीय सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान बदायूं पुलिस लाइन में आयोजित परेड के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के वन राज्य मंत्री श्री अरुण सक्सेना एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री ब्रजेश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया। इंस्पेक्टर पुंडीर को यह सम्मान कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण, प्रभावी जनसुनवाई तथा आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया है।
इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह पुंडीर को सम्मानित किए जाने पर बिसौली पुलिस स्टाफ और क्षेत्रीय जनता में हर्ष की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर उन्होंने यह सम्मान पूरी बिसौली पुलिस टीम एवं क्षेत्रवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें और अधिक ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करने की प्रेरणा देगा।


























