बिल्सी (बदायूं)। बिल्सी नगर में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर विद्युत उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है। पावर कारपोरेशन के निर्देश पर मंगलवार को विद्युत अधिकारियों के नेतृत्व में एक टीम मोहल्ला नंबर 8 में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसका कड़ा विरोध करते हुए काम रुकवा दिया।

विरोध कर रहे उपभोक्ताओं का कहना था कि बिना सहमति स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब विभागीय कर्मचारी स्वयं अपने घरों में स्मार्ट मीटर नहीं लगवा रहे हैं, तो आम उपभोक्ताओं पर इसे थोपना क्यों किया जा रहा है। इस दौरान मोहल्ले में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर से बिल अधिक आने और तकनीकी खामियों की आशंका बनी रहती है, जिसको लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। लोगों ने मांग की कि जब तक सभी शंकाओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकी जाए।

वहीं इस पूरे मामले में उपखंड अधिकारी जयप्रकाश राजपूत ने बताया कि पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष के निर्देश पर बिल्सी उपखंड क्षेत्र में अभियान चलाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर से परेशानी है, तो वह चेक मीटर लगवाने का विकल्प चुन सकता है।

फिलहाल मोहल्ला नंबर 8 में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कार्य रोक दिया गया है और विभागीय अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here