कुटी मंदिर में गूंजेगा ‘जय महाकाल’ का जयकारा,भव्य आरती और विशाल भंडारे का भी आयोजन,
बिल्सी। नगर में स्थित मुख्य बाजार के कुटी मंदिर परिसर में श्री महाकालेश्वर सेवा समिति के तत्वाधान में महाकाल सेवा श्रृंगार के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार 19 जनवरी को विशेष धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर भगवान महाकाल का विशेष शृंगार, महा आरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जाएगा।
समिति के सदस्य कुलदीप वार्ष्णेय ने जानकारी देते हुए बताया कि
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6:00 बजे विशेष शृंगार से होगी। इसके पश्चात शाम 7:00 बजे भव्य महा आरती संपन्न कराई जाएगी। वहीं रात्रि 8:00 बजे से विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा, जिसमें नगरवासियों व श्रद्धालु भक्तों को प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महाकाल सेवा श्रृंगार के तीन वर्षों के दौरान समिति द्वारा निरंतर धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है, जिससे नगर में भक्ति एवं सद्भाव का वातावरण बना हुआ है।
श्री महाकालेश्वर सेवा समिति ने नगरवासियों एवं श्रद्धालु भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करें और इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।


























