
बदायूं। बदायूं से दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। उझानी कोतवाली में तैनात दरोगा कुंवरपाल सिंह की आज सुबह बदायूं पोस्टमार्टम हाउस बदायूं (मोर्चरी) में हार्ट अटैक से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दरोगा कुंवरपाल सिंह एक किशोरी के पोस्टमार्टम की कार्रवाई के सिलसिले में बदायूं स्थित मोर्चरी पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे मौके पर ही गिर पड़े। वहां मौजूद कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें तत्काल सीपीआर देकर संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन हार्ट अटैक अत्यधिक गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। दरोगा की असामयिक मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि दरोगा कुंवरपाल सिंह ड्यूटी के प्रति कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित अधिकारी माने जाते थे। उनके निधन की खबर सुनते ही उझानी कोतवाली सहित जिले के पुलिसकर्मियों में गहरा शोक व्याप्त है।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन द्वारा परिजनों को सूचना दे दी गई है, और आगे की वैधानिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।


























