बिल्सी (बदायूं)। तहसील क्षेत्र के ग्राम गुधनी खोसरा में सरकारी तालाब पर किए गए अवैध निर्माण को प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बुधवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई से पहले मौके पर पुलिस बल और राजस्व टीम मौजूद रही, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।

नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ग्रामवासियों ने बहता गोसाई मोड़ पर स्थित सरकारी तालाब पर अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर तहसील मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया था और उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। मामले की जांच के बाद अवैध निर्माण की पुष्टि होने पर राजस्व टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके क्रम में आज बुलडोजर से निर्माण गिराया गया।

गौरतलब है कि इसी मामले को लेकर पिछले दिनों ग्रामीणों का आक्रोश भी फूटा था। ग्रामीणों ने बिल्सी तहसील पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तालाब को तत्काल कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी। इस संबंध में ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी बिल्सी को एक ज्ञापन भी सौंपा था।

प्रशासन की सख्ती से ग्रामीणों में संतोष

सरकारी तालाब को कब्जा मुक्त किए जाने की कार्रवाई से गांव के लोगों ने प्रशासन का आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब गांव के जल संरक्षण और पर्यावरण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और अवैध कब्जों से उसका अस्तित्व खतरे में पड़ गया था।

प्रशासन की ओर से यह भी संकेत दिए गए हैं कि सरकारी भूमि और तालाबों पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा, ताकि सार्वजनिक संपत्तियों को सुरक्षित रखा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here