कादरचौक (बदायूं)। कादरचौक क्षेत्र के ग्राम बदुल्लागंज, रमजानपुर रोड पर मंगलवार को एक जख्मी हिरन मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े हिरन को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, लेकिन आरोप है कि सूचना देने के एक घंटे बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची

ग्रामीणों का कहना है कि हिरन गंभीर रूप से घायल है और समय रहते उपचार न मिलने पर उसकी मौत हो सकती है। वन विभाग की इस लापरवाही को लेकर गांव में गहरा आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने बताया कि यदि विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर हिरन को उपचार के लिए ले जाये तो उसकी जान बचाई जा सकती है।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर विभाग सिर्फ कागजी दावों तक सीमित है, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। घायल हिरन की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे उसकी जान पर संकट बना हुआ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वन विभाग की देरी की जांच कराई जाए और घायल हिरन को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here