





बदायूं। सत्य, त्याग और धर्म के प्रतीक महाराजा हरीशचंद्र की जयंती के अवसर पर बदायूं शहर में बुधवार को भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। यह कार्यक्रम हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और सामाजिक समरसता के साथ आयोजित किया गया। शोभायात्रा में शामिल 44 मनोहर झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरा शहर दिनभर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
शहर में निकाली गई इस शोभायात्रा का आयोजन महाराजा हरीशचंद्र वंशीय समाज सेवा समिति, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ हरीशचंद्र सेवा सदन, आर्य समाज चौक से हुआ और समापन राजमहल गार्डन, हर प्रसाद मंदिर पर किया गया। मार्ग में जगह-जगह सर्व समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा सूक्ष्म जलपान, फल और प्रसाद की भी व्यवस्था की गई।
मनोहर झांकियों ने बांधा समां,
शोभायात्रा में महाराजा हरीशचंद्र, भगवान श्रीराम दरबार, श्रीकृष्ण, काली अखाड़ा, भूतों की टोली सहित कुल 44 आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयकारों के साथ शोभायात्रा ने नगर के प्रमुख मार्गों-आर्य समाज, सुभाष चौक, गांधी ग्राउंड, बड़ा बाजार, पथिक चौक, काली सड़क, मढ़ई चौक, हलवाई चौक सहित नगर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
महिला सभा की रही विशेष भागीदारी






इस भव्य आयोजन में महिला सभा और महिला विंग की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और अधिक गरिमा और भव्यता प्रदान की, जिससे सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर संदेश समाज को मिला।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पूरे मार्ग पर तैनात रहे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
ये रहे प्रमुख लोग
आयोजन में समिति अध्यक्ष नीरज रस्तोगी, मंत्री अनिल रस्तोगी सहित मुकेश रस्तोगी, रोजी रस्तोगी, दीप्ति रस्तोगी, सुशांत रस्तोगी, आयुष रस्तोगी, नेहा रस्तोगी, किमी रस्तोगी, अमन रस्तोगी, दीपांक रस्तोगी, पीयूष रस्तोगी, सचिन रस्तोगी, स्वतेश रस्तोगी, डॉ. नितिश रस्तोगी, मनोज रस्तोगी, विभु रस्तोगी, तुषार रस्तोगी, अभिषेक रस्तोगी, शरद रस्तोगी, संजय रस्तोगी, विनय रस्तोगी, सुधीर रस्तोगी, पुजित रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
सामाजिक एकता का संदेश
आयोजकों ने बताया कि यह शोभायात्रा सत्य, त्याग और धर्म के मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का माध्यम है, जिसे हर वर्ष और भी भव्य रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि बदायूं की धरती सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक परंपराओं की सशक्त मिसाल है।


























