बदायूं।अखिल भारतीय हरिश्चंद्र वंशीए रस्तोगी युवा महासभा की राष्ट्रीय टीम में बदायूं जनपद को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। बदायूं के श्री पीयूष रस्तोगी को संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजीव रस्तोगी, युवा अध्यक्ष श्री महेश रस्तोगी एवं युवा मंत्री श्री श्वेत रस्तोगी द्वारा की गई, जिस पर सजातीय बंधुओं द्वारा उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
पीयूष रस्तोगी की नियुक्ति को बदायूं के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है। संगठन से जुड़े लोगों का कहना है कि उनकी सक्रियता, संगठनात्मक समझ और संवाद क्षमता को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि बदायूं जनपद की पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त होगी।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी बदायूं के ही श्री सुशांत रस्तोगी को अखिल भारतीय हरिश्चंद्र वंशीए रस्तोगी युवा महासभा की राष्ट्रीय टीम में संगठन मंत्री का दायित्व मिल चुका है। एक ही जनपद से दो युवाओं का राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण पदों पर चयन होना बदायूं की युवाशक्ति, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक सक्रियता का सशक्त प्रमाण है।
नगर के सामाजिक एवं संगठनात्मक लोगों ने पीयूष रस्तोगी की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका दायित्व संगठन के संदेश को देशभर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा। सभी ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए बदायूं का मान बढ़ाने के लिए शुभेच्छाएं प्रेषित कीं।


























