बस की आय बढ़ने पर परिचालक ने यात्रियों और मीडिया का जताया आभार
बिल्सी। मुरादाबाद से वाया बिल्सी–कासगंज–एटा–मैनपुरी मार्ग पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस सेवा बिल्सी क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित हुई है। रविवार 14 दिसंबर 2025 को इस मार्ग पर चली बस में बड़ी संख्या में यात्रियों ने सफर किया, जिससे यह बस पीतल नगरी डिपो की सबसे अधिक आय करने वाली बसों की सूची में शामिल हो गई।
इस ऐतिहासिक सफलता पर बस के चालक व परिचालक प्रभात सिंह ने बस में यात्रा करने वाले सभी सम्मानित यात्रियों का हृदय से धन्यवाद प्रेषित किया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों का सहयोग और विश्वास ही इस बस की सफलता का सबसे बड़ा कारण है।
परिचालक प्रभात सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय मीडिया के संवाददाताओं को भी दिया, जिनके द्वारा बस सेवा की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के कारण यह मार्ग समाचार पत्रों की सुर्खियों में रहा और यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
इस बस के संचालन से बिल्सी क्षेत्र के लोगों को मुरादाबाद और मैनपुरी की ओर यात्रा के लिए सीधी, सुलभ और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिल रही है, जिससे छात्रों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत है।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने रिकॉर्ड आय बढ़ोत्तरी पर यात्रियों, मीडिया सहयोगियों और परिवहन कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और बेहतर सेवाएं देने का भरोसा दिलाया है।


























