• अगर नहीं हुआ समाधान तो बंद हो सकती हैं दिल्ली से वाया बिल्सी होकर बदायूं जाने वाली बसें,
  • बिल्सी के व्यापरीयों का व्यापार भी होगा प्रभावित,
  • बदायूं शहर में एंट्री बैन से यात्री परेशान, बसें बंद होने का खतरा
  • साहिबाबाद डिपो की बसों का लोड फैक्टर गिरा,बस चलने पर गहराया संकट,

बिल्सी /बदायूं। दिल्ली आनंद विहार टर्मिनल से सीधे बदायूं आने-जाने वाले यात्रियों की परेशानी इन दिनों चरम पर है। साहिबाबाद डिपो की दो महत्वपूर्ण रोडवेज बसों को बदायूं शहर में प्रवेश की अनुमति न मिलने से न सिर्फ बदायूं बल्कि बिल्सी क्षेत्र के यात्रियों और व्यापारियों के सामने भी बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।

जानकारी के अनुसार, साहिबाबाद डिपो द्वारा लंबे समय से दिल्ली आनंद विहार से बदायूं वाया संभल–इस्लामनगर–बिल्सी होते हुए दो रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा है। ये बसें दिल्ली से सुबह 07:30 बजे (बस संख्या 5994) और 08:30 बजे (बस संख्या 7522) रवाना होती थीं तथा बदायूं बस स्टेशन तक जाती थीं। वापसी में ये बसें बदायूं से दोपहर 3:00 बजे और 4:00 बजे दिल्ली के लिए चलती थीं।

लेकिन करीब एक पखवाड़े पूर्व बदायूं रोडवेज के एआरएम द्वारा बाहरी डिपो की बसों को बदायूं बस स्टेशन में प्रवेश से रोकने का आदेश जारी कर दिया गया। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा इन बसों को शहर के बाहर बहेड़ी मोड़ पर ही रोक दिया जा रहा है।

यात्रियों पर सीधा असर

बस परिचालक संजीव शर्मा के अनुसार, बसें स्टेशन तक न पहुंच पाने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है यात्रिओं से आए दिन इसको लेकर वहसबाजी हो रही थी। इसी के चलते डिपो की बसों ने अब दिल्ली से सीधे बदायूं आने वाले यात्रियों को बिल्सी में ही उतार दिया जा रहा है, जिससे उन्हें बदायूं पहुंचने के लिए अतिरिक्त साधन तलाशने पड़ रहे हैं। इससे यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

वहीं वापसी में बहेड़ी मोड़ से दिल्ली जाने के लिए सवारियां न मिलने के कारण बसों का लोड फैक्टर 25 से 40 प्रतिशत तक घट गया है। इसी कारण अब ये बसें बदायूं तक न जाकर दिल्ली से बिल्सी तक ही संचालित की जा रही हैं और बिल्सी से ही दिल्ली के लिए लौट रही हैं।

बसें बंद होने का खतरा

रोडवेज नियमों के अनुसार यदि लगातार लोड फैक्टर कम रहा, तो साहिबाबाद डिपो पर इन बसों को पूरी तरह बंद करने का दबाव बढ़ जाएगा। यदि ऐसा हुआ तो इसका सीधा नुकसान बदायूं के साथ-साथ बिल्सी की सवारी और स्थानीय व्यापार को झेलना पड़ेगा। व्यापारियों का कहना है कि दिल्ली से सीधा संपर्क टूटने पर बाजार और आवागमन दोनों प्रभावित होंगे।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग

यात्रियों, व्यापारियों और आम नागरिकों ने रोडवेज एआरएम बदायूं, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि वे इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लें, यात्रियों की परेशानी को समझें और साहिबाबाद डिपो की बसों को बदायूं बस स्टेशन तक आने की अनुमति दिलवाएं, ताकि वर्षों से चल रही यह महत्वपूर्ण सेवा भविष्य में भी सुचारु रूप से चलती रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here