
बिल्सी (बदायूं)। पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे लगातार हमलों, हत्याओं और धार्मिक उत्पीड़न के विरोध में शुक्रवार की रात्रि मे बिल्सी नगर में हिंदू संगठनों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। हिंदू युवा वाहिनी एवं गौ रक्षक टीम के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी के माध्यम से अपना रोष व्यक्त किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। मंदिरों पर हमले, घरों को जलाना और निर्दोष हिंदुओं की हत्याएं मानवाधिकारों पर सीधा प्रहार हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस गंभीर मुद्दे पर चुप्पी साध ली गई है, जो अत्यंत निंदनीय है।
प्रदर्शन के दौरान हिंदू संगठनों ने भारत सरकार से मांग की कि बांग्लादेश सरकार पर कूटनीतिक दबाव बनाया जाए ताकि वहां रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को मजबूती से उठाने की भी मांग की गई।
इस विरोध प्रदर्शन में हिंदू युवा वाहिनी एवं गौ रक्षक टीम के नगर मंत्री टिंकू गुप्ता, लवी पंडित, अमन, यश बाबू, चिराग बाबू, सुनील कोहली, मनीष कोहली, शिवा ठाकुर, विष्णु कोहली, गुरु शर्मा, संजीव मौर्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को तत्काल रोकने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह आक्रोशपूर्ण रहा और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले नहीं रुके तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


























