बिल्सी। नगर के सिरसौल रोड स्थित बाबा इंटरनेशनल स्कूल द्वारा वार्षिक उत्सव “ओजस–2025” का भव्य, सुसज्जित एवं यादगार आयोजन बाईपास मार्ग स्थित रामा फार्म हाउस में अत्यंत धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न 3 बजे हुआ, जो देर शाम तक उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के साथ चलता रहा।

वार्षिकोत्सव को लेकर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा कई दिनों से गहन तैयारियाँ की जा रही थीं, जिसका प्रभाव मंच, सजावट और प्रस्तुतियों में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत वेलकम डांस ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।

इसके बाद बच्चों ने फेयरी डांस (Ethereal Dance), टिक-टॉक मोबाइल थीम, रेट्रो डांस जैसी आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन पर दर्शकों ने जमकर तालियाँ बजाईं। कार्यक्रम के मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा ताइक्वांडो (TKD), सर्कस आधारित प्रस्तुति (Cirque Du Soleil) एवं योग प्रदर्शन ने शारीरिक क्षमता, अनुशासन और मानसिक संतुलन का सुंदर संदेश दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा “रामायण – द म्यूजिकल एक्ट”, जिसने दर्शकों को भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों से भावनात्मक रूप से जोड़ दिया। इसके साथ ही चार युग की थीम, बांस नृत्य (Bamboo Dance) एवं किसानों को समर्पित प्रस्तुति ने सामाजिक सरोकार और देश की जड़ों से जुड़ने का प्रभावी संदेश दिया।

सांस्कृतिक विविधता को और सशक्त बनाते हुए विद्यार्थियों ने राजस्थानी लोकनृत्य, कव्वाली, थ्रियन ट्रॉफी, भारत की सांस्कृतिक विरासत, अंग्रेज़ी स्किट, ऑर्केस्ट्रा संगीत एवं पिरामिड्स आधारित प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बिल्सी क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार, थाना प्रभारी मनोज कुमार, क्राइम इंस्पेक्टर बी.के. मौर्य, विशिष्ट अतिथि दीपांशु गुप्ता, रौनक गुप्ता, अर्पित गुप्ता तथा प्रसिद्ध यूट्यूबर अदनान (Adnaan) उपस्थित रहे। सभी अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा और गरिमा को और बढ़ाया।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से चेयरमैन नरेंद्र बाबू वार्ष्णेय, चेयरपर्सन कमलेश वार्ष्णेय, डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, साधना वार्ष्णेय, मैनेजिंग डायरेक्टर मेहुल वार्ष्णेय, एचओडी रितु गुप्ता, प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी, वर्षा गुप्ता, मेघा वार्ष्णेय एवं कृति वार्ष्णेय, प्रशासक अमित महेश्वरी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी द्वारा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। अंत में वोट ऑफ थैंक्स, ग्रैंड फिनाले, लकी ड्रा एवं राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।

पूरा आयोजन स्थल रंग-बिरंगी रोशनियों, सांस्कृतिक वातावरण और बच्चों के उत्साह से सराबोर रहा। बाबा इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिकोत्सव “ओजस–2025” न केवल मनोरंजन से भरपूर रहा, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का जीवंत उदाहरण भी बना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here