


बरेली। नकटिया आदर्श नगर स्थित आनंद निकेतन सरस्वती विद्या मंदिर में प्रांतीय योजना के अंतर्गत दो दिवसीय वार्षिक शैक्षिक निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। निरीक्षण दल द्वारा प्रथम दिवस छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन, शैक्षिक क्रियाकलापों तथा विद्यालय कार्यालय का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण का शुभारंभ विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। राजरानी सरस्वती शिशु मंदिर, उझानी के प्रधानाचार्य प्रवेश कुमार ने बोधकथा के माध्यम से जीवों पर दया तथा परिश्रम को सफलता की कुंजी बताते हुए मार्गदर्शन किया। अवकाश के पश्चात आचार्य परिवार एवं पूर्व छात्र परिषद के व्यवसायी छात्रों के साथ बैठक कर विद्या भारती की योजनाओं एवं उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण मंडल में राजेश कुमार शर्मा (नैनीताल मार्ग, बरेली) एवं रामनाथ जी (रामपुर बाग, बरेली) शामिल रहे। इस अवसर पर बरेली संभाग के जिला समन्वयक श्री सुनील कुमार सिंह का भी सानिध्य प्राप्त हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामदास प्रजापति ने आगंतुक निरीक्षण मंडल का परिचय कराया।
द्वितीय दिवस वंदना सत्र में शिशु सभा का आयोजन किया गया, जिसमें भैया-बहनों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात शिशु भारती के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के शैक्षिक क्रियाकलापों एवं शिशु गतिविधियों पर विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय व्यवस्थापक मुनीष गुप्ता ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष सुबोध अग्रवाल ने विद्यालय की प्रगति हेतु सुझाव रखे, वहीं पूर्व छात्र परिषद के अध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने विद्यालय को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सुशील कुमार मिश्रा, प्रवीण, कृष्ण बिहारी, दुर्वेश, श्रीमती सरिता, श्रीमती पूजा, श्रीमती सविता, श्रीमती प्रिया राठौर, हिमांशु कुमारी सहित समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा।


























