


बिल्सी (बदायूं)। बदायूं रोड स्थित फ्यूचर लीडर्स स्कूल के जूनियर विंग (कक्षा 6 से 8) में शुक्रवार को वार्षिक खेलकूद समारोह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अशफाक हुसैन ने ध्वजारोहण कर किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
खेल प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़, 200 मीटर हर्डल रेस, खो-खो, रस्साकशी, डिस्कस थ्रो और स्लो साइकिल रेस मुख्य आकर्षण रहीं। खो-खो में कक्षा 6 (सी.वी. रमन) की छात्राएं विजेता रहीं, जबकि रस्साकशी में कक्षा 7 के छात्र और कक्षा 8 की छात्राएं विजेता बनीं। ऊंची कूद में अमोल, अभिषेक और अंश ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने विजेताओं को बधाई दी। कार्यक्रम का सफल संचालन पीटीआई विश्वदीपक शर्मा व शैलेन्द्र सिंह की टीम ने किया।


























