चंदौसी (संभल)। वार्ष्णेय जनकल्याण संगठन, चंदौसी के तत्वावधान में आगामी 1 जनवरी 2026 से सजातीय परिवारों के सदस्यों की घर-घर जाकर जनगणना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यह जनगणना समाज के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और भावी योजनाओं को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
संगठन के प्रवक्ता ने बताया कि श्री अक्रूर जी महाराज द्वारा संचालित श्री वार्ष्णेय जनकल्याण संगठन की इस महत्त्वाकांक्षी जनगणना का शुभारंभ नववर्ष के अवसर पर 1 जनवरी को किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका परिषद चंदौसी की चेयरपर्सन लता वार्ष्णेय के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।
प्रवक्ता के अनुसार, इस जनगणना के माध्यम से समाज के प्रत्येक परिवार की वास्तविक जानकारी एकत्र की जाएगी, जिससे सामाजिक, शैक्षिक एवं विकासात्मक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। संगठन की ओर से सभी सजातीय बंधुओं से इस कार्य में पूर्ण सहयोग देने की अपील की गई है, ताकि जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।


























