



बदायूं में विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित वंदे मातरम् समारोह सप्ताह का दूसरा दिन आज शनिवार, 15 नवंबर को सुभाष चौक पर देशभक्ति की ऊर्जा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष नीरज रस्तोगी ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की।
इस अवसर पर जिला मंत्री उज्ज्वल गुप्ता ने बताया कि उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् गाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर यह समारोह सप्ताह देश में स्वदेशी अपनाने, राष्ट्रभावना और त्याग के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
जिला अध्यक्ष नीरज रस्तोगी ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस का व्यक्तित्व स्वयं में त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की अमिट मिसाल है। ऐसे महानायक की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हर नागरिक में देशप्रेम की नई ऊर्जा जगाता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान
महेंद्रपाल सिंह, नीरज कोचर, अरविंद गुप्ता, राजेश सपरा, अमन साहू, ऋषि वर्मा, आमोद चाणक्य, रचित भारद्वाज, संजीव गुप्ता, मयूर गुप्ता, राजेंद्र भारद्वाज सहित अनेक पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रभक्ति और स्वदेशी अभियान को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।


























