बिसौली–सहसवान मार्ग पर सुल्तानपुर गांव के निकट शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रिसौली क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र कुमार वाल्मीकि के 20 वर्षीय पुत्र अजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धर्मेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।
परिजनों के अनुसार धर्मेंद्र कुमार अपने पुत्र अजय के साथ दोपहर लगभग 12 बजे भांजे की शादी का रिश्ता तय करने सहसवान जा रहे थे। रास्ते में ट्रक की टक्कर ने बाइक को चकनाचूर कर दिया और दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेजा। जैसे ही यह खबर रसौली गांव पहुँची, पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। गांव के लोग जिला पंचायत सदस्य के आवास पर सांत्वना देने के लिए जुटने लगे, और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।


























