होम राज्य उत्तर प्रदेश बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही:आर्य समाज चौक से शहवाजपुर चुंगी जाने वाले...

बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही:आर्य समाज चौक से शहवाजपुर चुंगी जाने वाले रोड खम्बा टूट कर मकान पर टिका, बड़े हादसे का इंतजार कर रहा विभाग,कब जागेगा विभाग?

बदायूं। शहर में बिजली विभाग की लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रही है। आर्य समाज चौक से शहवाजपुर चुंगी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक बिजली का एक खंभा पूरी तरह से झुक कर सड़क की दूसरी ओर एक मकान के सहारे टिक चुका है। यह पोल लेफ्ट साइड से टूटकर रोड को पार करते हुए अब राइट साइड की एक मकान की दीवार के सहारे टिका हुआ है। यह स्थिति किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस खतरे की सूचना बिजली विभाग को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन न तो पांवडिया विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारी और न ही जेई और एसडीओ मौके पर पहुंचे हैं। अधिकारी स्थिति की गंभीरता को नजरअंदाज कर रहे हैं, जबकि यह झुका हुआ पोल किसी भी वक्त गिरकर जान-माल की भारी क्षति पहुंचा सकता है।

लोगों का कहना है कि शहर में यह कोई पहली घटना नहीं है। जगह-जगह पर जर्जर और झुके हुए बिजली के खंभे लगे हुए हैं, लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी केवल कागजों में जांच और कार्यवाही की खानापूर्ति करते हैं। शहर के मुख्य मार्गों और गलियों में कई खंभे ऐसे हैं जो नीचे से गल चुके हैं या साइड से झुक गए हैं, जो कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।

सुभाष चौक स्थित चाणक्य हलवाई के सामने भी ऐसा ही एक खंभा है जो लोगों के अनुसार अत्यधिक गर्म रहता है। आसपास के लोग इससे दूरी बनाकर चलते हैं क्योंकि इसमें करंट उतरने की संभावना बताई जा रही है। यह स्पष्ट संकेत है कि बिजली प्रवाह जमीन तक आ रहा है, जो किसी भी पल किसी व्यक्ति या जानवर के लिए घातक साबित हो सकता है।

शहरवासियों ने मांग की है कि बिजली विभाग तुरंत ऐसे सभी खतरनाक पोलों की पहचान कर उन्हें बदले या मरम्मत कराए। अगर समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो किसी भी क्षण बड़ा हादसा घट सकता है।

जिम्मेदार अधिकारियों को चाहिए कि वे शहर के सभी क्षेत्रों में अभियान चलाकर जर्जर खंभों की जांच करें, ताकि भविष्य में किसी नागरिक या पशु की जान इन लापरवाहियों की भेंट न चढ़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here