

बदायूं। मध्यप्रदेश के भोपाल में 23 नवंबर को अजाक्स सम्मेलन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व IAS संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों और महिलाओं पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आज बदायूं के ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी भगवान परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला में एकत्र हुए।
बैठक में अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के प्रांतीय मंत्री अजय मिश्रा, मंडल संरक्षक लालन पांडेय समेत अन्य पदाधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संतोष वर्मा के बयान असंवैधानिक, भड़काऊ और समाज में वैमनस्य फैलाने वाले हैं—इसलिए उन पर आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए।
जिलाध्यक्ष अश्वनी भारद्वाज ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने नोटिस तो जारी किया है, लेकिन कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई अभी तक नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्मा पहले भी विवादों और जेल का इतिहास रखते हैं, ऐसे में यह बयान राष्ट्रीय सद्भाव के लिए गंभीर खतरा है।
बैठक के बाद सभी पदाधिकारी पैदल मार्च करते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचे और एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह को ज्ञापन देकर संतोष वर्मा पर FIR दर्ज करने की मांग की। ब्राह्मण समाज ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन शुरू करेंगे।
मुख्य उपस्थित:
अजय कुमार मिश्रा, लालन पांडेय, अश्वनी भारद्वाज, नत्थूलाल पाराशरी, रजनी मिश्रा, पंकज शर्मा, अमित पांडेय, पं. गिरीश शर्मा, अमन मयंक शर्मा, अमन पाठक, गोविंद द्विवेदी, विराट दुबे, आशुतोष शर्मा, एकांश शर्मा, आदि।


























