
बिल्सी। क्षेत्र के ग्राम गुधनी खोसारा स्थित श्री बलदेव धाम दाऊजी मंदिर में श्री बालाजी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बलदेव धाम के पीठाधीश्वर महंत आचार्य ललितेश्वरानंद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पावन अवसर पर 5 नवंबर, बुधवार को श्री बालाजी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत श्री हनुमान सर्व कष्ट निवारण तीन दिवसीय यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत जल्द ही विधि-विधान के साथ होगी। मुख्य दिवस 5 नवंबर को शाम 7 बजे से विशाल संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध भजन गायक शिरकत करेंगे।
इस संकीर्तन कार्यक्रम में गाजियाबाद के भजन सम्राट रामकुमार लक्खा तथा कानपुर से आ रही भजन गायिका रुची किनकर अपने मधुर स्वर में सुंदर-सुंदर भेंट प्रस्तुत करेंगी,
महंत ललितेश्वरानंद ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और श्री बालाजी महाराज के आशीर्वाद से अपने जीवन को धन्य करे।


























