





बिल्सी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार की शाम नगर में भव्य पथ संचलन निकाला गया। शाम 6 बजे ज्वाला प्रसाद जैन इंटर कॉलेज से आरंभ हुए इस पथ संचलन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और भाजपा पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक हरीश शाक्य सहित स्थानीय भाजपा नेता एवं नगर के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। पथ संचलन ज्वाला प्रसाद जैन स्कूल से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, बालाजी तिराहा, अटल चौक, थाना मोड़, मोहल्ला नंबर 5, क्षत्रिय कॉलोनी होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ।
पथ संचलन के मार्ग में नगर के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। नगर में पूरे मार्ग पर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष गूंजते रहे।
कार्यक्रम के पूर्व आयोजित सभा में नगर संघ चालक डॉ. उमेंद्र गुप्ता ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के पुनर्निर्माण के लिए हमें अपने जीवन में पाँच परिवर्तन अपनाने चाहिए। उन्होंने कहा —“हम सभी को अपने दैनिक जीवन में सामाजिक समरसता, अनुकूल जीवन शैली, स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग, शुचिता और स्वावलंबन के पथ पर चलना चाहिए। यही सच्चा राष्ट्रसेवा का मार्ग है।”
इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष, नगर पालिका प्रतिनिधि, युवा मोर्चा पदाधिकारी, विहिप, बजरंग दल एवं संघ के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पथ संचलन के दौरान पुलिस बल भी मुस्तैदी से सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा।


























