बिल्सी। कस्बे की ऐतिहासिक परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी विजयदशमी के कई दिन बाद आज शनिवार शाम को नगर की गौशाला रामलीला कमेटी के तत्वाधान में आयोजित रामलीला मेले में रावण का पुतला दहन किया गया। शाम करीब छह बजे जैसे ही मेला मैदान पर रावण का विशाल पुतला धू-धू कर जल उठा, पूरा मैदान “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।

गौरतलब है कि बिल्सी की रामलीला की यह विशिष्ट परंपरा रही है कि यहां विजयदशमी के दिन नहीं, बल्कि कई दिन बाद रावण दहन किया जाता है। इस विशेष आयोजन का इंतजार नगरवासियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी करते हैं।

शनिवार शाम मेला ग्राउंड पर रावण दहन देखने के लिए शाम पांच बजे से ही हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कार्यक्रम के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह, सिटी इंचार्ज राममेहर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल लगातार भीड़ को संयमित तरीके से नियंत्रित करते रहे।

रावण दहन के बाद मेले में जलेबी की दुकानों पर जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी। लोग रावण वध की खुशी में जलेबी का स्वाद लेते नजर आए।

इस अवसर पर मेला कमेटी के अध्यक्ष उमेश बाबू, प्रबंधक विनोद पालीवाल, मंत्री जितेंद्र वार्ष्णेय, संजीव वार्ष्णेय, नेताजी सहित समस्त पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि नवनीत शाक्य, भाजपा नेता विवेक राठी, ओमप्रकाश सागर, इंस्पेक्टर मनोज कुमार, सिटी इंचार्ज राम मेहर सिंह सहित नगर के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

रावण दहन के बाद देर शाम रघुनाथ जी मंदिर परिसर में “भरत मिलाप” का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर के संचालक पंडित राजीव शर्मा ने सभी स्वरूपों का आदर-सत्कार कर स्वागत किया और जलपान कराने के बाद सभी स्वरूपों की आरती उतारी ।इस मौके पर मुस्कान ढाबा के संचालक लवकुश सोमानी ने प्रसाद वितरण किया।

भरत मिलाप में मेला कमेटी के पदाधिकारी दिनेश वार्ष्णेय, अक्षय दीक्षित, मुकेश शर्मा, राजीव वार्ष्णेय, पंकज वार्ष्णेय सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here