होम राज्य उत्तर प्रदेश भाजपा नेता आशुतोष वार्ष्णेय “भोला”के पुत्र कार्तिकेय वार्ष्णेय का यूपी अंडर-19 टीम...

भाजपा नेता आशुतोष वार्ष्णेय “भोला”के पुत्र कार्तिकेय वार्ष्णेय का यूपी अंडर-19 टीम में चयन, शहर में खुशी की लहर

चंदौसी। नगर के लिए गौरव का क्षण आया है — जब चंदौसी निवासी और सहसवान विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी आशुतोष वार्ष्णेय उर्फ भोला के युवा पुत्र क्रिकेटर कार्तिकेय वार्ष्णेय का चयन उत्तर प्रदेश की अंडर-19 टीम में हुआ है। कार्तिकेय की इस उपलब्धि से पूरे चंदौसी नगर में हर्ष की लहर दौड़ गई है।

कार्तिकेय वार्ष्णेय एक प्रतिभाशाली स्पिन गेंदबाज हैं, जो पिछले चार वर्षों से बोर्ड ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। क्रिकेट के क्षेत्र में उन्होंने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई है।

उन्होंने नोएडा के प्रसिद्ध कोच अफजल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया और अपनी मेहनत तथा लगन से राज्यस्तर पर पहचान बनाई। हाल ही में खेले गए विजय मर्चेंट ट्रॉफी में कार्तिकेय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पूरे टूर्नामेंट में 32 विकेट लेकर कीर्तिमान स्थापित किया और टीम को कई मैचों में जीत दिलाई।

उनके इस प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम में स्थान मिला है। इस उपलब्धि पर नगर के खेलप्रेमियों, शिक्षकों और राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने कार्तिकेय और उनके परिवार को बधाई दी है।

कार्तिकेय के पिता आशुतोष वार्ष्णेय ने इस अवसर पर कहा —

“यह हमारे परिवार ही नहीं, पूरे चंदौसी के लिए गर्व का क्षण है। कार्तिकेय ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। हम उम्मीद करते हैं कि भविष्य में वह राज्य ही नहीं, देश का नाम भी रोशन करेगा।”

कार्तिकेय ने कहा की उनका सपना भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलने का है और इसके लिए वो निरंतर अभ्यासरत हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here