बिल्सी। दीपावली पर्व से पहले गुरुवार की शाम उप जिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह के नेतृत्व में नगर के मोहल्ला संख्या 3 में की गई छापेमारी से पटाखा व्यापारियों में हड़कंप मच गया। मुखबिर की सूचना पर मारे गए इस छापे में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से रखी गई आतिशबाजी बरामद की गई है।

सूत्रों के अनुसार, नगर के ट्रांसफार्मर के निकट एक गली में बने गोदाम में लंबे समय से आतिशबाजी सामग्री जमा की जा रही थी। सूचना मिलते ही एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने कोतवाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छापा मारा।

प्रारंभिक जांच में पाया गया कि गोदाम में सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन करते हुए विस्फोटक सामग्री रखी गई थी, जिससे आसपास की घनी आबादी को खतरा था। पुलिस ने मौके से बरामद आतिशबाजी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने सख्त लहजे में कहा —

“घनी आबादी में न तो पटाखे रखे जाएंगे और न ही अवैध बिक्री की अनुमति दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

इस अचानक हुई कार्रवाई से नगर के आतिशबाजी कारोबारियों में भारी हड़कंप मच गया है। कई दुकानदारों ने अपने गोदामों को बंद कर दिया, वहीं प्रशासन ने चेतावनी दी है कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here