चंदौसी। नगर के प्रख्यात चिकित्सा संस्थान पार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के अध्यक्ष एवं प्रख्यात चिकित्सक डॉ. वीरेश कुमार ने बुद्धवार को बिल्सी तहसील के वरिष्ठ पत्रकार एवं स्वदेश केसरी न्यूज़ के तहसील प्रभारी ललित मोहन वार्ष्णेय को मीडिया की राष्ट्रीय संस्था “द जर्नलिस्ट एसोसिएशन” का जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर अपने आवास पर निमंत्रित कर पटका पहनाकर व पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. कुमार ने कहा कि, “श्री वार्ष्णेय ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सटीक, निष्पक्ष और निर्भीक लेखनी से अलग पहचान बनाई है। उनकी कलम हमेशा जनता की आवाज़ बनी है और यही कारण है कि आज उन्हें राष्ट्रीय स्तर की संस्था ने यह दायित्व सौंपा है। उनका योगदान पत्रकारिता के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों से लिखा जाएगा।”
कार्यक्रम के दौरान डॉ. वीरेश कुमार ने श्री वार्ष्णेय की धर्मपत्नी श्रीमती लक्ष्मी गुप्ता का भी शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता जैसी संघर्षपूर्ण यात्रा में परिवार का सहयोग और संबल बेहद अहम होता है, और श्रीमती गुप्ता ने इस भूमिका को बखूबी निभाया है।
समारोह में मौजूद गणमान्य व्यक्तियों ने भी श्री वार्ष्णेय को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से न केवल बिल्सी क्षेत्र, बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ा है।


























