बिसौली। नगर के मोहल्ला साहूकारा में 1 सितंबर को हुई तेज बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान में रखे लाखों रुपए मूल्य के विद्युत उपकरण जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि हादसे के समय गृहस्वामी परिवार सहित मकान पर मौजूद नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला साहूकारा निवासी आशीष वार्ष्णेय उर्फ आशु अपने परिवार के साथ मथुरा-वृंदावन में राधा रानी के दर्शन करने गए हुए थे। तभी अचानक हुई मूसलाधार बारिश में उनके मकान के पास स्थित एक खंडहर पर आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी तेज किरण उनके मकान तक पहुँच गई और घर के अंदर रखे विद्युत उपकरणों में आग लग गई।

हादसे में बाथरूम में रखी वॉशिंग मशीन, फ्रिज, कूलर, पंखे और समरसेबल का स्टार्टर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। अचानक धुआं उठता देखकर पड़ोसियों ने मकान मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही उनके मौसेरे भाई ऋषभ वार्ष्णेय और दोस्त पंकज वार्ष्णेय तुरंत मौके पर पहुँचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी भयानक थी कि आसपास के लोग भी घबराहट में घरों से बाहर निकल आए थे। हालांकि, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। जले हुए सामान का अनुमानित नुकसान लाखों रुपए बताया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here