बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या दो स्थित चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे दस दिवसीय पर्यूषण पर्व का सातवां दिन उत्तम तप धर्म के रूप में मनाया गया। सुबह भगवान जिनेंद्र का जलाभिषेक एवं शांतिधारा के साथ धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
प्रवचन देते हुए निखिल जैन ने कहा कि – “केवल शरीर को तपाना ही तप नहीं है, बल्कि अपनी इच्छाओं को रोकना ही वास्तविक तप है। राग-द्वेष और मोह के मैल से मुक्त होकर आत्मा को शुद्ध बनाना ही तप का लक्ष्य है। तप से ही आत्मा कर्ममल रहित होती है और यही मुक्ति का मार्ग है।”
धार्मिक क्रिकेट प्रतियोगिता में पार्श्वनाथ टीम विजयी
जैन मिलन बिल्सी के बैनर तले आयोजित धार्मिक क्रिकेट प्रतियोगिता में पार्श्वनाथ टीम और महावीर टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। कार्यक्रम का संचालन नीरेश जैन ने किया जबकि प्रभारी की भूमिका प्रशांत जैन ने निभाई। प्रतियोगिता की शुरुआत जैन राष्ट्रगान से हुई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पार्श्वनाथ टीम ने 98 रन बनाए और महावीर टीम को 99 रनों का लक्ष्य दिया। पार्श्वनाथ की ओर से ईशान जैन ने 21 रन बनाए और 2 विकेट लिए, वहीं स्वीटी जैन ने लगातार 3 छक्के लगाकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी महावीर टीम आखिरी ओवर तक संघर्ष करती रही और 91 रन बनाकर हार गई। टीम के लिए मयंक जैन ने 23 रन और गुंजन जैन ने 13 रन बनाए। कप्तान पंकज जैन ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम ओवर को मेडन निकाला, लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा।
रोमांचक मुकाबले के बाद मैन ऑफ द मैच ईशान जैन को घोषित किया गया। मैच की पूरी कमेंट्री से नीरेश जैन ने उपस्थित श्रद्धालुओं का भरपूर मनोरंजन किया और मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में समाज के अध्यक्ष मृगांक कुमार जैन ने विजेता पार्श्वनाथ टीम के सभी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।


























