


बिल्सी। नगर के बदायूं स्टैंड चौराहा स्थित खेल मैदान पर खेले गए T -10 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में रियान क्लब ने पॉवर हिटर को 6 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मैच देखने के लिए भाजपा विधायक हरीश शाक्य सहित सैकड़ों दर्शकों की भीड़ मैदान में जुटी।
फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पॉवर हिटर टीम 114 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जवाब में रियान क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 8.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच 6 विकेट से जीत लिया।
विजेता टीम के कप्तान मोहम्मद अनीस और उपविजेता टीम के कप्तान नदीम कुरैशी को विधायक हरीश शाक्य ने ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत नहीं होती, बल्कि असली जीत चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिल्सी क्षेत्र में जमीन उपलब्ध होते ही एक भव्य खेल मैदान का निर्माण कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक ने समाज सेवा में अहम योगदान देने पर समाजसेवी दीपक चौहान को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सुधीर सोमानी, पूर्व पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश सागर, अमित वार्ष्णेय खितौरा वाले, नीलकमल महेश्वरी, राकेश माहेश्वरी, लोकेश वार्ष्णेय, वरिष्ठ पत्रकार ललित मोहन वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और खेल प्रेमी मौजूद रहे।














