बरेली। विद्या भारती विद्यालयों की संकुल स्तरीय बौद्धिक प्रतियोगिताएं- रामानुज दयाल सरस्वती शिशु मंदिर, रामपुर बाग, बरेली में बड़े ही उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुईं। प्रतियोगिताओं में सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग बरेली के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपना दबदबा कायम रखा और महानगर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।

जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि अंताक्षरी प्रतियोगिता का रोमांच अंतिम चरण तक बना रहा, जिसमें नैनीताल मार्ग की पारुल, परिधि और अनुराधा की टीम ने बाजी मारते हुए रामपुर बाग को पराजित किया। गीत प्रतियोगिता में योगित मौर्य ने प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं कला प्रतियोगिता में कंचन राजपूत द्वितीय स्थान पर रहीं।

बौद्धिक प्रश्न मंच प्रतियोगिता में आकृति, पूर्णिमा और अनंत की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर द्वितीय स्थान पाया। कथा कथन में ध्रुव गंगवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में लोक मंच पर आधारित लोक नृत्य प्रतियोगिता ने सभी का मन मोह लिया। इसमें नमिता के नेतृत्व में 15 बहनों की टीम ने रामपुर बाग को पछाड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय आचार्य संजीव उपाध्याय ने आचार्य पत्र वाचन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्था का गौरव बढ़ाया। सभी विजयी प्रतिभागी अब आगामी प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे, जो 6 से 8 सितंबर तक कासगंज में आयोजित होंगी।

विद्यालय प्रबंधक दिनेश मलिक और प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने विजयी विद्यार्थियों को बधाई दी और आगे जीवन में निरंतर उत्कृष्टता की ओर बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं की तैयारी में श्री रामेश्वर, श्रीमती अलका, बांकेलाल, हृदेश, तुलाराम और संजीव उपाध्याय का विशेष सहयोग रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here