“भीड़ ने बनाए वीडियो, पुलिस ने करवाए डिलीट! अंबियापुर में देह व्यापार पकड़ा गया या दबा दिया गया?”

बिल्सी।शुक्रवार की शाम बिल्सी का अंबियापुर चौराहा सनसनीखेज़ घटनाक्रम का गवाह बना। यहाँ स्थित एक दो मंजिला मकान में पुलिस ने छापा मारकर कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं समेत चार लोगों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों में मकान मालिक भी शामिल है।

लेकिन, असली बवाल उसके बाद खड़ा हुआ—क्योंकि पुलिस ने जिस तरह मामला दर्ज किया और वीडियो सबूतों के साथ जो खेल किया, उस पर नगरभर में सवाल उठ रहे हैं।

मौके पर हड़कंप, वीडियो डिलीट करवाए

सूत्रों के मुताबिक पुलिस को पहले से सूचना थी कि अंबियापुर चौराहे पर देह व्यापार चल रहा है। महिला उपनिरीक्षक रचना देशपाल, उपनिरीक्षक राममेहर सिंह और महिला कांस्टेबल सोनिया के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुँची।
दरवाज़ा खुलवाकर पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई और कुछ देर बाद चारों आरोपियों को बाहर ले आई। महिलाओं के चेहरे कपड़े से ढके थे।

यह नज़ारा देखते ही आसपास भीड़ जुट गई और लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाने शुरू कर दिए। लेकिन पुलिस ने मौके पर ही दबाव डालकर लोगों के फोन से वीडियो डिलीट करवा दिए। यही बात अब चर्चा का सबसे बड़ा मुद्दा है।

कार्रवाई में दिखा पुलिस का ‘खेल’

मौके से सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव मझिया निवासी दीपक और मोहल्ला संख्या आठ कस्बा बिल्सी निवासी मुशीर समेत दो महिलाओं कुल चार लोगों को हिरासत में लेने के बावजूद पुलिस ने एफआईआर अश्लील हरकत के आरोप में दर्ज की। सवाल यह उठा कि अगर चारों लोग सिर्फ घर के बाहर अश्लील हरकत कर रहे थे, तो पुलिस मकान मालिक को क्यों आरोपी बना रही है?
स्थानीय लोग खुलकर कह रहे हैं कि “मामला दबाने के लिए पुलिस ने कहानी पलट दी।”

जमानत और सवालों की आंधी

पुलिस ने दो महिलाओं को थाने लाकर बाद में जमानत पर छोड़ दिया, जबकि अन्य आरोपियों को देर रात तक थाने में बैठाए रखा।
एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बयान दिया कि “किसी के पास से आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। केवल अश्लील हरकत के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।”

लेकिन नगर में चर्चा है कि यह सिर्फ देह व्यापार का मामला नहीं, बल्कि पुलिस की ‘मिलीभगत’ और ‘ढीली कार्रवाई’ की कहानी भी है।

शहर में गूंज रहा सवाल

अंबियापुर चौराहे की यह घटना पूरे कस्बे में चर्चा का विषय बन चुकी है। भीड़भाड़ वाले इलाके में चल रहे इस धंधे पर सवाल है कि अगर पुलिस को पहले से सूचना थी तो कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
लोगों का कहना है कि अब देखना होगा, क्या पुलिस सिर्फ दिखावे की कार्रवाई पर रुक जाएगी या सचमुच इस रैकेट की जड़ तक जाएगी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here