बिल्सी (बदायूं)। अरिहंत वृक्षारोपण समिति के तत्वावधान में गुरुवार को बिसौली मार्ग स्थित पद्मांचल परिसर में पौधारोपण एवं पर्यावरण मित्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशिक्षु पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक गौरव उपाध्याय रहे।

मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और प्रदूषण को रोकने के लिए हरे-भरे पेड़ अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि हर व्यक्ति को अपने आसपास खाली पड़ी जमीनों पर पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समाज और प्रशासन मिलकर पहल करें तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

इस अवसर पर समिति की ओर से पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न देकर नवाजा गया।

समिति की ओर से प्रशांत जैन ने पुलिस प्रशासन से पेड़ों की अंधाधुंध कटान रोकने में सहयोग देने की अपील की और कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग का कर्तव्य है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि गौरव उपाध्याय ने मंदिर परिसर में पीपल और अर्जुन के पौधे लगाकर पौधारोपण अभियान की शुरुआत की।

इस मौके पर समिति के जिला अध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्ण गुप्ता समेत समिति के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समिति के सदस्यों ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here