2000 पत्थरबाजों पर FIR, 39 लोग हिरासत में,

बरेली में शुक्रवार को हुए बवाल और हिंसा के बाद आज पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा को गिरफ्तार कर लिया गया है. मौलाना तौकीर रजा समेत 8 लोगों को पुलिस ने जेल भेजा है. इतना ही नहीं, बरेली में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने 39 लोगों को हिरासत में लिया है. साथ ही 2000 पत्थरबाजों पर भी केस दर्ज किया गया है. बरेली में जगह-जगह सुरक्षा बलों की तैनाती है. फिलहाल यहां हालात सामान्य दिख रहे हैं. अभी तक इस मामले में 7 एफआईआर दर्ज हुए हैं.बरेली में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती है. यही वजह है कि बरेली के बाजारों में आज सन्नाटा पसरा रहा. दरगाह आला हजरत वाली गली, जहां मौलाना तौकीर रजा का घर भी है, वहां पर भी भारी पुलिसबल की तैनाती है. सभी जगहों पर शांति है. यहां ज्यादातर दुकानें बंद हैं और कोई शुक्रवार को हुए बवाल पर बात नहीं करना चाहता. 

वहीं आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित विकसित उत्तर प्रदेश विज़न @2047 कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में जुमे की नमाज़ के बाद हुए बवाल और पथराव को लेकर कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पहले के दौर में दंगाइयों और माफियाओं को सत्ता का संरक्षण मिलता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में ऐसा बिल्कुल नहीं है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा—“पहले पेशेवर अपराधी और माफिया मुख्यमंत्री आवास में बुलाकर सम्मानित किए जाते थे। सत्ता उनके कुत्तों तक से हाथ मिलाती थी और गर्व महसूस करती थी। आज उत्तर प्रदेश की स्थिति बदल चुकी है। हर जिले में माफिया पालने वालों को हमने जवाब दिया है।”

सीएम योगी ने बरेली के मौजूदा हालात पर कटाक्ष करते हुए कहा—“कल बरेली में एक मौलाना भूल गया कि राज्य में सत्ता किसकी है। उसे लगा कि जब चाहे व्यवस्था को रोक सकता है, लेकिन हमने साफ कर दिया कि न तो नाकाबंदी होगी और न ही कर्फ्यू। हमने ऐसा सबक सिखाया है कि आने वाली पीढ़ियाँ दंगा करने से पहले सौ बार सोचेंगी। 2017 से पहले यूपी में यही माहौल था, लेकिन अब हमने कर्फ्यू तक नहीं लगने दिया। यहीं से यूपी के विकास की नई कहानी शुरू होती है।”

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा—“जो लोग जाति और धर्म के नाम पर समाज को भड़काते हैं, उन्हीं के लिए बुलडोज़र बनाया गया है। हम प्रदेश को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज दे रहे हैं, जबकि पिछली सरकारों ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ दिया था। जब बेईमान और भ्रष्ट लोग सत्ता में आते हैं, तो वे उसका शोषण करते हैं। हमने इस प्रवृत्ति को समाप्त किया है।”

गौरतलब है कि शुक्रवार को बरेली में मौलाना तौकीर रज़ा द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन स्थगित करने की घोषणा के बावजूद मस्जिदों के बाहर भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान पुलिस और भीड़ के बीच झड़प हो गई। उपद्रवियों ने पथराव और तोड़फोड़ की, जिस पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। इस घटना ने पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींचा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here