बिल्सी। नगर के बाईपास रोड स्थित मंडी समिति के पास स्थित चर्चित मुस्कान ढाबा पर मंगलवार की शाम खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी की। टीम ने मौके से पनीर की सब्जी का नमूना लिया और ढाबा स्वामी लवकुश सोमानी को खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत नोटिस जारी किया।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे सहायक आयुक्त (खाद्य) सी.एल. यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.एन. मिश्रा सहित विभागीय टीम मुस्कान ढाबा पर पहुंची। टीम ने वहां परोसने वाले खाद्य पदार्थों और किचन व्यवस्था की गहनता से जांच की। जांच के दौरान पनीर की सब्जी का नमूना लिया गया जिसे परीक्षण के लिए लैब भेजा जाएगा।

टीम की अचानक कार्रवाई से न केवल ढाबे पर मौजूद ग्राहकों और स्टाफ में हड़कंप मच गया, बल्कि आस-पास के व्यापारियों और खाद्य कारोबारियों में भी खलबली मच गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अगर नमूना जांच में गड़बड़ी पाई गई तो ढाबा स्वामी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस छापेमारी के बाद नगर के अन्य ढाबा, होटल और मिठाई दुकानदारों में भी सतर्कता का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कदमों से मिलावटी व अस्वच्छ भोजन बेचने वालों पर नकेल कसी जा सकती है और आमजन को शुद्ध भोजन उपलब्ध हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here